31 फीसद को ही पसंद... ट्रंप!

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज से लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। रॉयटर्स-इप्सोस के नए सर्वे में सिर्फ 31 फीसद लोगों ने उनके काम को ठीक बताया। इस सर्वे में उनके दोनों राष्ट्रपति कार्यकाल का यह सबसे कम समर्थन है। दो हफ्ते पहले यह आंकड़ा 32 फीसद था। सर्वे 16 से 19 अक्टूबर के बीच हुआ, जिसमें 1679 वयस्कों से राय ली गई।
इससे पहले फॉक्स न्यूज के सर्वे में ट्रंप को 36 फीसद समर्थन मिला था, जबकि 64 फीसद लोगों ने उनके काम को नापसंद किया था। 9 से 12 अक्टूबर के बीच हुए उस सर्वे में 1202 पंजीकृत मतदाता शामिल थे। फॉक्स के सर्वे में भी दोनों कार्यकाल को मिला कर उनका समर्थन सबसे नीचे पहुंच गया था। महंगाई संभालने के उनके काम से सिर्फ 22 फीसद लोग खुश थे। अपनी रिपब्लिकन पार्टी के मतदाताओं में भी उनका समर्थन घट कर 76 फीसद रह गया था।
रॉयटर्स-इप्सोस के नए सर्वे में अर्थव्यवस्था संभालने के ट्रंप के तरीके से 68 फीसद लोगों ने नाराजगी जताई। अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले संसदीय चुनाव से पहले उसी सर्वे में 47 फीसद पंजीकृत मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट देने की बात कही, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के पक्ष में 35 फीसद थे। ये नतीजे ट्रंप की पार्टी के लिए परेशानी का संकेत हैं। हालांकि, देश भर का सर्वे यह तय नहीं करता कि हर सीट पर कौन जीतेगा।