रोहित की वजह से अगरकर रवाना!

विराट कोहली और रोहित शर्मा को जब विश्वकप खेलाया जा रहा था तो अजीत अगरकर का कामकाज भी विश्वकप तक बढ़ाने की बात हो रही थी। खबरें थीं कि अगरकर ने पहल की और कहा कि दो टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी और वन-डे विश्वकप फाइनल खेलने वाली टीम चुनने का इनाम मिलना चाहिए। बीसीसीआइ का सिर भी हामी में हिल रहा था, लेकिन अचानक ही टीम से खबरें आने लगीं कि रोहित को विश्वकप नहीं खेलाएंगे। बाद में बीसीसीआइ सचिव देवजीत सैकिया का बयान आया। खबरें गलत बताईं और दावा कर दिया कि विश्वकप तय है।
अब इसके बाद कहा जा रहा है कि अगरकर ने ही आगे बनाए रखने से इंकार कर दिया है। बीसीसीआइ को पत्र लिखा है। अगरकर के सवाल पर सैकिया यह बोलते हुए आगे बढ़ गए कि अभी तो जाने में पंद्रह दिन है, लेकिन उस बात को हवा दे दी, जो बता रही है कि रोहित की वजह से अगरकर की रवानगी हो रही है। रोहित का एपिसोड नहीं आता तो गंभीर-अगरक की जोड़ी विश्वकप तक चलती, लेकिन जैसे ही रोहित के लिए बीसीसीआइ अड़ा तो अगरकर ने किनारा करने में भलाई समझी। नए सलेक्शन कमेटी मुखिया के लिए पार्थिव पटेल और प्रज्ञान ओझा का नाम भी चलने लगा है। ओज्ञा पहले भी बीसीसीआइ की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं तो पार्थिव के पीछे गुजरात कनेक्शन है।
इस एपिसोड के बाद मुखिया जो भी बने, रोहित का विश्वकप खेलना तय हो गया है। मुमकिन है कि संजू सैमसन की दोबारा ग्यारह में वापसी के पीछे भी बीसीसीआइ हो। गंभीर-अगरकर की मनमानी पर ब्रेक लगाया है। दोनों लगातार बदलाव कर रहे थे। टीम में फाड़ बढ़ रही थी। जब से बीसीसीआइ ने दोनों को बैठाया है, गंभीर का गुस्सा भी शांत हुआ है और नतीजे भी आने लगे हैं।