संघ की भीड़ में एंबुलेंस फंसी... कार छोड़ पैदल गए!

दैनिक भास्कर लगातार लिख रहा था कि शराब को आखिर जहरीली क्यों नहीं माना जा रहा है और पुलिस को मानना पड़ा है। खबर ऊपर वाले पन्ने पर है और साथ ही पीठ थपथपाई है कि हमने ही सवाल उठाया था, अब नतीजा आया है। कांग्रेस इस पर लगातार बोलती रही है, लेकिन उसके प्रदेश प्रवक्ता का लड़का हिरासत में ले लिया है। इलजाम है कि जिस पेंट थिनर से शराब बनी, इसी की दुकान का था। उधर, प्रवक्ता आनंद जैन कासलीवाल कह रहे हैं कि हमने बकायदा बिल देकर पेंट थिनर बेचा था। खरीदार उसका क्या इस्तेमाल करते हैं, इसके लिए हमें कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है? अब जांच होगी और आगे फैसला होगा, लेकिन अभी तो खेल बिगड़ गया है।
नईदुनिया ने मामले में कुछ नहीं लिखा है, हालांकि अंदर जहरीली शराब से मौत पर उठ रहे सवालों को लेकर धनंजय प्रताप सिंह ने खूब लिखा है, जिसे पढ़ना आसान नहीं है। धीरेंद्र शास्त्री ने करवा चौथ को ‘खसम पूजा दिवस’ बताया है। दैनिक भास्कर के लिए भोपाल से अनिल गुप्ता बता रहे हैं कि गांव की जल योजना के काम लेने के लिए लगाई गई करीब 183 करोड़ की फर्जी बैंक गारंटी के केस में चौंकाने वाली चिट्ठी सामने आई है। बैंक ने लिखा था कि 183 करोड़ की पूरी गारंटी फर्जी है, फिर भी फर्म ने 500 करोड़ के काम ले लिए। दमदार खबर है, पढ़ी जाना चाहिए। चीते के कत्ल पर चारों तरफ चिंता है और पत्रिका ने इसे ऊपर वाले पन्ने की बड़ी खबर बनाया है। पांच लेयर की सुरक्षा भेदकर बंदूक चलाई गई। टपरों में हथियारों की तलाशी ली गई और इस मामले में क्या-क्या हो रहा है, खबर से जाना जा सकता है। अफसर ने मौका मुआयना किया है, लेकिन चीते के शिकार ने पोल खोल दी है और किसी के पास कोई मजबूत जवाब नहीं है। वैसे, इस खबर में शेर भी शामिल कर लिए गए हैं कि देश में हर महीने चौदह जान गंवा रहे हैं।
हरदीप पुरी को मध्यप्रदेश कोटे से राज्यसभा भेजा जाएगा, ऐसा तस्वीर के साथ बताया है। पांच जिलों के एसपी हटाए हैं। भोपाल रेल एसपी बदल दिए हैं। दैनिक भास्कर लिख रहा है कि तेंदुए के शक में चीते का कत्ल कर दिया है। ट्रैफिक जाम की तस्वीर तो अब हर दिन की बात है। दैनिक भास्कर ने इंदौर फ्रंट पेज पर जजीरावाला चौराहे के जाम की तस्वीर छापी है, जिसमें एंबुलेंस फंसी रही और लोग कार छोड़कर पैदल घर लौटे हैं। रजिस्ट्रार ऑफिस में हजार करोड़ की संपत्ति के कागज बदले हैं। अठारह मामलों में गड़बड़ी हुई थी, लेकिन पंद्रह महीने बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर दीपेश शर्मा की बड़ी खबर है। टैंकर का बिल पास करने के लिए पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते सब इंजीनियर हर्ष गहलोत पकड़ाया है और तस्वीर के साथ हाजिर है।
इंदौर में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव में मोहन यादव ने क्या किया है, इसे कहीं से भी जाना जा सकता है, क्योंकि किसी ने छापने में कंजूसी नहीं की है। भरपूर जगह मिली है और पत्रिका ने तो ऊपर वाले पन्ने की शुरुआत इसी से की है। ऊपर से अंदर तक इस मामले में जितनी तस्वीरें लगाई हैं, उनमें कहीं भी कैलाश विजयवर्गीय दिखाई नहीं दे रहे हैं, जबकि मौजूद थे और नईदुनिया के पहले पन्ने पर देखे जा सकते हैं। तोतों का आशियाना लुट गया है और पत्रिका लिख रहा है कि जैसे प्राण रूठ गए हों। बेहाल तोतों के वीडियो वायरल हो रहे हैं। साथ ही, हाइकोर्ट का फरमान याद दिलाया गया है कि पेड़ों को एक साथ नहीं काटा जाएगा। छंटाई और कटाई का काम दो पक्षी वैज्ञानिकों और जानकारों की देखरेख में होगा। दैनिक भास्कर ने बताया है कि रानी सराय में सुबह से शाम तक पेड़ों को काटने वाले कटर चल रहे हैं।
देवास शराब कांड में इंदौर के जिस होलसेल व्यापारी को गिरफ्तार किया है, उसकी जानकारी पत्रिका के शहरी पन्ने पर है। डेली कॉलेज में संघ का जो कार्यक्रम चल रहा है, उसे सबसे ज्यादा जगह दैनिक भास्कर ने दी है। लिखा है कि देश की एकजुटता के लिए हजारों स्वयंसेवक साथ आए हैं। तस्वीर भी बड़ी है। संघ जमावड़े को पत्रिका ने छापा तो है, लेकिन तस्वीर छोटी है। नईदुनिया ने खूब जगह दी है। इंदौर में रात 8.44 बजे चांद के दर्शन होंगे और पति की लंबी उम्र के लिए सुहागन निर्जल व्रत रखेंगी। ऐसा पत्रिका के पेज चार पर लिखा है। अब इसमें ‘सुहागन’ लिखने की क्या जरूरत थी, जब पति की लंबी उम्र की बात लिख ही दी है! दैनिक भास्कर ने करवाचौथ को मजहबी पन्ने पर लगाया है। सैफ बुखारी का शेर है- तू उसे अपनी तमन्नाओं का मरकज न बना/ चांद हरजाई है, हर घर में उतर जाता है।
अंबानी के जियो को सबने जुग-जुग आशीर्वाद दिया है। हर तरफ भरपूर जगह है। दैनिक भास्कर ने तो पहले पन्ने की शुरुआत ही इससे की है। फिर सोशल मीडिया पर वीडियो खूब दौड़ रहे हैं और कुछ घंटों से तो हर तरफ अंबानी का ही कब्जा है। नईदुनिया लिख रहा है कि चार राज्यों में मतपत्र से हुए एमएलसी चुनाव में भी कांग्रेस को मात मिली है। मोदी ने तंज किया है कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव में कांग्रेस कितनी सीटों पर जीती हैं? अग्रलेख में कांग्रेस पर खूब हमले हैं कि उसे एक सीट नहीं मिली है। समझना पड़ेगा कि वोट चोरी जैसे मुद्दे को उठाने से कुछ नहीं मिलने वाला है। हालांकि, लगता है कि नागपुर की जीत से पहले ही जल्दी में लिख दिया था। दैनिक भास्कर के मुताबिक, यूपी में एनडीए को सोलह में से भाजपा ने सभी सीटें दिलाई हैं और कांग्रेस को सिर्फ नागपुर में जीत मिली है।
नईदुनिया के पहले पन्ने पर हेडिंग है- दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मियों, गांव और खेल के लिए खोला खजाना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए फैसलों की खबर है, लेकिन इसमें मोदी का ही फोटो नहीं है। ये तो कमाल हो गया! इजराइल के चुनाव में नेतन्याहू को पूरी ताकत नहीं मिली है, लेकिन नईदुनिया ने लिखा है कि नेतन्याहू की पार्टी और उसके सहयोगी सबसे आगे हैं। दैनिक भास्कर लिख रहा है कि नेतन्याहू और विपक्ष बहुमत से दूर हैं। अब दल किंगमेकर हो गए हैं। पत्रिका ने अंदर नेतन्याहू को जगह दी है और लिखा है कि उनकी पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं, लेकिन बहुमत से दूर है।
सऊदी अरब में उमरा के लिए गए हिंदुस्तानी फंसे हुए हैं। दवाइयां खत्म हो गई हैं और एक कमरे में पंद्रह लोग रह रहे हैं। दैनिक भास्कर ने ऊपर वाले पन्ने पर खबर दी है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि डिजिटल अरेस्ट डकैती जैसा है और इससे सख्ती से निपटना होगा।