सीनियर डॉक्टर से धोखाधड़ी

· Indore

सीनियर डॉक्टर से धोखाधड़ी

इंदौर : नगर प्रतिनिधि। कालोनाइजर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला पुलिस उपायुक्त के पास पहुंचा है। आरोप है कि सीनियर डॉक्टर से 1500 वर्गफुट का प्लाट देने के नाम पर धोखाधड़ी की। पैसा ले लिया और प्लाट की रजिस्ट्री नहीं की।

स्कीम नंबर 54 विजयनगर निवासी डॉ. सुबोध शांतिलाल बांझल ने विजयनगर टीआई और पुलिस उपायुक्त को शिकायत की है। पचास बरस से प्रैक्टिस कर रहे हैं। शुगर और बीपी के स्पेशलिस्ट हैं। शुभम बिल्डकॉन के मालिक सिद्धार्थ कौशल कोठारी, शुभम ज्वेलर्स शगुन गार्डन के पास विजयनगर से उनकी शुभम सिटी कॉलोनी में 750 रुपए वर्गफुट के भाव से 1500 वर्गफुट का प्लाट खरीदा था।

दो लाख रुपए चेक से और बाकी पैसा किश्तों में नकद दिया था। प्लाट का करार किया था। कोठारी और कर्मचारी ललित कोठारी, उनके क्लीनिक आकर पैसे ले जाते थे। कोठारी प्लाट की रजिस्ट्री करने में आनाकानी कर रहा है।

डॉक्टर बांझल से कह रहे हैं कि उनके प्लाट के पास का 300 वर्गफुट का टुकड़ा 950 रुपए वर्गफुट के भाव में खरीद लो। डॉ. बांझल ने उनसे कहा कि मुझे ये टुकड़ा नहीं लेना है। डॉक्टर ने 300 फुट प्लाट नहीं लिया तो कोठारी और उसके नौकर ने कहा कि रजिस्ट्री नहीं करेंगे। तुमसे जो बने, कर लेना।

जनसुनवाई में भी : शुभम सिटी कालोनी के प्लाटों की धोखाधड़ी के मामले कलेक्टर शिवम वर्मा की जनसुनवाई में भी पहुंचे थे। जांच चल रही है।

फोन नहीं उठाया : सिद्धार्थ कोठारी के मोबाइल (9303333301) पर कई बार फोन किए, मैसेज किया, लेकिन जवाब नहीं मिला।

खच्चर खाते वाले पर धोखाधड़ी का केस : राजेन्द्रनगर पुलिस ने खच्चर खाते में धोखाधड़ी की राशि का उपयोग करने के मामले में अमर पैलेस कालोनी के वीरेन्द्र फुलपगारे के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इसी तरह रायबरेली उत्तरप्रदेश के आलोक सन्नी तिवारी (19) की रिपोर्ट पर सुरेन्द्र चौहान नेहरूनगर, मोहित कुशवाह पांचूकुमार की चाल, अमितेष रघुवंशी गुना और श्यामा रघुवंशी अशोकनगर के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा चंपाबाग के अशफाक खान की रिपोर्ट पर अज्ञात मुलजिम के खिलाफ केस दर्ज किया है।