सवाल के जवाब में सवाल है, कमाल है!

· Indore

सवाल के जवाब में सवाल है, कमाल है!

ये हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है कि सवाल आज भी पूछे जा रहे हैं, जवाब आज भी दिए जा रहे हैं, बस तरीका थोड़ा बदल गया है। क्षेत्र के पार्षद से वार्ड की बदहाली पर सवाल पूछ लिया वह तो मुस्कुरा कर आगे बढ़ गए। उनके पीछे चल रहे शख्स ने गुस्से में मुझसे ही सवाल किया- ‘आपने ये सवाल कभी पिछले पार्षद से पूछा है।’ इसे देश की बड़ी पार्टी के तमाम नेताओं से जोड़ कर भी देख सकते हैं।

अगर सवाल का जवाब न देना हो तो मौन व्रत रख लिया जाए। ये हमें नेताओं से सीखने का सौभाग्य मिला। संसद रविकिशन से किसी ने कोई पूछा तो उन्होंने मौन व्रत में जवाब दिया- ‘आज मेरा मौन व्रत है।’ कभी-कभी तो सवाल पूछने वाले को जवाब में नौकरी से भी हाथ धोना पड़ता है। स्मृति इरानी की बात नहीं कर रहा हूं। सियासी दल समय-समय पर जवाब देने के नए-नए तरीके की भी खोज करते हैं। अगर कोई पत्रकार हिम्मत जुटा कर सवाल पूछ ले तो जवाब में कोई धार्मिक नारा लगा के चले जाओ। इससे सवाल करने वाले का मुंह भी बंद हो जाता और जवाब देने वाला जवाब देने से आजाद हो जाता है। जवाब देने के इस तरीके को मौजूदा राजनीति में ‘उत्तम’ माना जाता है। इसे ‘सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे’ भी कह सकते हैं।

सत्ता से सवाल करते वक़्त लहजा नरम, भाषा में शालीनता, चेहरे पर मुस्कुराहट, मित्रता का स्वभाव और जिस्म सम्मान में झुका हुआ। इसमें सवाल तो बहुत किए जाते हैं, पर काम का कोई नहीं पूछा जाता। विपक्ष से सवाल में लहजे में तीखापन, चेहरे पर झुंझलाहट, स्वभाव में शत्रुता, अकड़ा हुआ जिस्म और चारों तरफ से घेराबंदी कर काम के वह सवाल किए जाते हैं, जो सत्ता से किए जाने चाहिए। इसे आप दोहरा चरित्र भी भी कह सकते हैं।

राजनीति में सवाल और जवाब नया सिस्टम आया है। सवाल कोई करता है, जवाब कोई देता है। देश में कहीं कोई समस्या चल रही है। इस पर जिम्मेदार मंत्री मौन हो जाता है और दूसरे मंत्रालय के मंत्री लीपापोती और साफ-सफाई करते रहते हैं। यहां तक कि अवाम और विपक्ष के सवालों के जवाब देने के समाचार चैनल जी जान लगा देते हैं। रात-दिन एक कर देते हैं।

इसको ‘एक की करनी, दूसरे की भरनी’ भी कहते हैं। इस तरह से सवालों और जवाबों का मक्कड़ जाल तैयार है और जनता इसमें से निकलने की कोशिश कर रही है। शेर है-

सवाल के जवाब में सवाल है, कमाल है/कोई समझ नहीं सका ये चाल है, कमाल है।