धमकाकर युवक को लूटा... पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए

· Indore

धमकाकर युवक को लूटा... पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए

इंदौर. नगर प्रतिनिधि। बाणगंगा पुलिस ने दुर्गेश गौर (35) निवासी स्कीम-136 की रिपोर्ट पर चूंचू, पिट्टू और कालू के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दुर्गेश ने बताया कि वो पिछले दिनों एमआर-10 पुल के पास शराब दुकान पर शराब पीने गया था, तभी तीनों मुलजिमों ने डराकर उससे बीयर मंगवाई, फिर उसका मोबाइल छीन लिया। एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 51 हजार और पंजाब नेशनल बैंक खाते से चार हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। तीनों मुलजिम मोबाइक (एमपी 09 वीएन 7129) से भाग निकले।

एसीपी रूबिना मिजवानी, टीआई सियाराम गुर्जर को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने टीम बनाई और उसी आधार पर मुलजिमों की तलाश की गई। तीनों मुलजिमों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके कब्जे से लूटा हुआ माल भी बरामद कर लिया गया है।

मुलजिमों का आपराधिक रिकार्ड भी ढूंढा जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे में भी वो नजर आ रहे थे, जिसमें वो फरियादी के साथ मारपीट कर रहे हैं और उससे बीयर मंगवाते दिख रहे हैं। उसी आधार पर चेहरे सामने आ गए थे।