छोटी उम्र में कमाल

चंडीगढ़। जद्दोजहद के बाद अधिकारी बनने की तो कई कहानियां हैं, लेकिन हरियाणा के बड़वा गांव की जया शर्मा (29) ने छोटी उम्र में तो कमाल दिखाया ही है… डीएसपी रहते पढ़ाई की और आइपीएस की कुर्सी तक पहुंच गईं। हिसार में नौकरी चल रही थी… अब आंध्रप्रदेश के आडोनी में बतौर एडिशनल एस.पी. जिम्मेदारी निभाएंगी।
दिल्ली में पढ़ाई की, फिर इसरो की रिसर्च टीम से जुड़ीं। हरियाणा लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए तैयारी करती रहीं। पहली बार में नाकाम रहीं, फिर 2023 में परीक्षा पास कर ली। बतौर डीएसपी अच्छा काम कर रही थीं, लेकिन पढ़ाई का शौक था और सपना भी बड़ा। मुश्किल नौकरी के दौरान पढ़ती रहीं। आखिरकार आइपीएस बन गईं।
जया बताती हैं कि जब हरियाणा की परीक्षा में 8वीं रैंक मिली, तो घर वालों ने कहा कि और पढ़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन मुझे टॉप तक जाना था। पहली बार में सफलता नहीं मिली, तो भी साथियों ने कहा कि नौकरी पर ध्यान दो। मैंने नहीं सुनी। पन्ने पलटती रही। 248वीं रैंक के साथ आइपीएस बनी। अब मेरे गांव सहित कई जगह मिसाल दी जाती है।
युवाओं को यही सलाह दूंगी कि पढ़ाई से अच्छा कोई रास्ता नहीं है। जिंदगी में जो भी हासिल करना चाहते हैं, वो किसी और रास्ते से शायद ही मिले, लेकिन ज्ञान इकट्ठा करते रहेंगे, तो ऊंचाई पर पहुंच ही जाएंगे। हर शख्स की अपनी क्षमता है। मैं खुशनसीब हूं कि छोटी उम्र में अहम जिम्मेदारियां मिल सकीं। अब बच्चों को भी पढ़ाना चाहती हूं। जब भी मौका मिलेगा, प्रतियोगी परीक्षा के बच्चों की क्लास में जाऊंगी।