शमी से मुंह फेरा, जाडेजा से काम निकाला

· Indore

शमी से मुंह फेरा, जाडेजा से काम निकाला

मोहम्मद शमी के लिए सलेक्टर तय कर बैठे हैं कि नहीं खेलाना है। भुवनेश्वर कुमार के लिए रास्ता बनाया जा सकता है तो शमी ने कौन सा गुनाह किया है। तेज गेंदबाजों के बुरे खेल के बाद सोचा जाना चाहिए था। टीम तय करने से पहले ही लाल गेंद से चार को चटकाया था। टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेला सकते तो वन-डे में काम में लिया जा सकता है।

रवींद्र जाडेजा से भी राम-राम कर ली है। पिछली सीरिज में ही वापस लेकर आए थे, लेकिन अक्षर पटेल की आमद के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया। अक्षर के बदल के लिए जाडेजा को रखा है। पचास ओवर विश्वकप तक यही चलना है। आकिब नबी को सफेद गेंद क्रिकेट खेलाना समझ से परे है। जगह पकड़कर फेंकने वाले गेंदबाज हैं, जो लाल गेंद के लिए ही सही है। सफेद में तो कुटाई होती है। रणजी ट्रॉफी में कमाल भी उसी के बूते किया था, लेकिन वहां अंशुल कंबोज को लिया है। अंशुल लगातार अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन सलेक्टर को तय करना है कि कौन सफेद गेंद का गेंदबाज है और कौन सफेद कपड़ों का।

मानव सुथार का टीम में नहीं होना चौंकाता है। जितने भी मैच मिले हैं, कमाल दिखाया है। काउंटी क्रिकेट में भी विकेट चटकाए हैं, लेकिन तवज्जो बल्लेबाजी में अव्वल स्पिनर को दी है। जाडेजा के साथ वाशिंगटन सुंदर को रखा है। कुलदीप यादव तीसरे स्पिनर हैं।