‘अपनी कहानी... कब्र ले जाऊंगा!’

करिश्मा ने सलमान से पूछा उनकी जिंदगी पर फिल्म बने तो कौन बनाएगा, कहा-डेविड धवन, संजय लीला भंसाली, सूरज बड़जात्या या फिर कबीर खान। सलमान खान प्यार की बात करेंगे और लोग ध्यान से नहीं सुनेंगे, ऐसा हो नहीं सकता। इस बार उन्होंने अपनी जिंदगी पर फिल्म बनाने से साफ इनकार कर दिया। करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन में सलमान ने कहा कि उनकी कहानी उनके साथ कब्र में जाएगी। बातचीत में करिश्मा कपूर भी थीं, जिन्होंने प्यार और रिश्तों पर कई सवाल किए।
करिश्मा ने पूछा कि अगर उनकी जिंदगी पर फिल्म बने तो उसे कौन बनाएगा। सलमान ने कहानी के हिसाब से चार नाम गिना दिए। हंसी-मजाक वाली फिल्म के लिए डेविड धवन और दुखभरी प्रेम कहानी के लिए संजय लीला भंसाली। खूबसूरत प्रेम कहानियों के लिए सूरज बड़जात्या और प्यार के साथ एक्शन दिखाना हो तो कबीर खान। इतने नाम बताने के बाद उन्होंने साफ कर दिया कि वह अपनी जिंदगी पर फिल्म बनने की इजाजत कभी नहीं देंगे।
फिर सवाल आया कि उनकी प्रेम कहानी पर उनकी ही किस फिल्म का नाम ठीक बैठेगा। ‘तुमको ना भूल पाएंगे’ उन्हें सही नहीं लगा क्योंकि उनके मुताबिक सब एक-दूसरे को भूल जाते हैं। ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ भी नहीं चुना। उनका कहना था कि प्यार के लिए समय रहा है और आगे भी रहेगा। ‘सनम बेवफा’ पर बात टाल दी और आखिर में अपने लिए ‘मैंने प्यार किया’ का नाम चुना। भतीजों को प्यार की सलाह देने का सवाल आया तो खुद को ही इसके लिए गलत आदमी बता दिया। मजाक में यह भी जोड़ा कि वह उन्हें उनके पिताओं के पास जाने को भी नहीं कहेंगे।
अपनी निजी बातें छिपाने की वजह भी सलमान ने बताई। उनका कहना था कि आज किसी के साथ रिश्ता है तो जरूरी नहीं कि वह हमेशा जिंदगी में रहे। बाद में उसकी शादी किसी और से हो सकती है। ऐसे में पुराने रिश्ते की बातें सबके सामने क्यों की जाएं। उन्होंने पिता सलीम खान की सीख याद की। जब वह करीब 16 साल के थे तभी पिता ने समझाया था कि घर के बैठक वाले कमरे में जो बात की जा सकती है वह दुनिया के सामने भी कह सकते हो। बेडरूम की बातें वहीं रहनी चाहिए।
इसी दौरान बरसों पुराने ‘मैं वर्जिन हूं’ वाले जवाब की भी बात निकली। सलमान ने समझाया कि उस जवाब से वह करण को यही कहना चाहते थे कि इस बारे में बात नहीं करना चाहते। शादी और अकेलेपन पर उन्होंने कहा कि जीवनसाथी रखने से उन्हें किसी ने नहीं रोका। वह अपने फैसले से खुश हैं। उनके मुताबिक सबसे ज्यादा अकेलापन तब होता है जब कोई आपके साथ रहना ही न चाहे। बच्चों की बात पर उनका जवाब अलग था। उन्होंने कहा कि जिंदगी में किसी समय उनके बच्चे जरूर होंगे। करण के पिता बनने पर उन्हें खुशी हुई थी। बातचीत में पुराने घर का एक अजीब किस्सा भी निकला। करण ने याद किया कि ‘कुछ कुछ होता है’ की कहानी सुनाने जब वह गैलेक्सी अपार्टमेंट गए थे तो सलमान का छोटा-सा कमरा देखकर हैरान रह गए थे। उसमें एक बिस्तर और एक अलमारी थी। सलमान ने बताया कि उस कमरे में उन्हें किसी अनदेखी मौजूदगी का एहसास होता था। उनके मुताबिक लाइटें टिमटिमाती थीं और कभी अलमारी खुल जाती थी या म्यूजिक सिस्टम अपने आप चलने लगता था। हालांकि उन्होंने कहा कि इससे उन्हें डर नहीं लगता था क्योंकि उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ।
करण ने उनके पहले से ज्यादा शांत दिखाई देने की बात की तो सलमान ने उसका जवाब भी खुद पर मजाक करके दिया। बोले, दूसरों को जितनी सलाह दी है अब समय आ गया है कि खुद भी उन पर चलें।