आइ-फोन उपहार के नाम पर महिला से ठगी…

इंदौर : नगर प्रतिनिधि । युवती को इंस्टाग्राम पर लिंक भेजी और वाट्सएप कॉल के जरिए बात कर आई-फोन उपहार देने की योजना बताई। उससे हजारों रुपए ठग लिए।
बेटमा पुलिस ने साक्षी पिता कमलकिशोर करड़ (19) निवासी मारुतिनगर सागौर की रिपोर्ट पर इंस्टाग्राम आईडी मुकुल राणा-85 के खिलाफ केस दर्ज किया है। साक्षी को 24 अगस्त को रात में इस आईडी से एक लिंक आई। इसके बाद
वाट्सएप कॉल आया और उससे कहा कि वो लिंक खोल ले। तीन हजार रुपए प्रोसेसिंग फीस जमा करेगी तो उसे आई-फोन इनाम मिलेगा। साक्षी ठग की बातों में आ गई। उसके खाते से 41 हजार रुपए गायब हो गए।
मोबाइल हेक कर : देपालपुर पुलिस ने अंतरसिंह बाबूलाल यादव (55) निवासी मालवा पब्लिक स्कूल के पास देपालपुर की रिपोर्ट पर अज्ञात मुलजिम के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन दिन पहले यादव को वाट्सएप पर एपीके फाइल आई। उसने फाइल खोली तो उसका मोबाइल हेक हो गया। क्रैडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर पहले उसके बैंक खाते से 16 हजार रुपए ट्रांसफर हुए। इसके बाद करीब 1 लाख 26 हजार रुपए ट्रांसफर हो गए।
क्यूआर कोड के जरिए : सांवेर पुलिस ने नागपुर गांव के ओम महेश पटेल (28) की रिपोर्ट पर अज्ञात मुलजिम के खिलाफ केस दर्ज किया है। पटेल का बड़ोदिया खान में जेके ढाबा है। उसे सस्ता डीजल दिलाने के नाम पर उसका क्यूआर कोड लिया और 1 लाख 15 हजार रुपए ठग लिए।