आग, बीच से दुकान धंसी...

इंदौर. नप्र। शहर के मध्य मरोठिया बाजार की तीन मंजिला किराना दुकान की आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मकान में टीम भी फंस गई थी। तीन घंटे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपए का माल जल गया।
सराफा थाना क्षेत्र के मरोठिया बाजार में रामगोपाल कन्हैयालाल शर्मा की बरसों पुरानी तीन मंजिला किराना दुकान है। दुकान का नाम रामगोपाल किराना है। कल रात में 12.30 बजे करीब शॉर्ट सर्किट से आग लगी। देखते-देखते पूरी दुकान चपेट में आ गई। फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। सहायक उपनिरीक्षक संतोष दुबे 14 लोगों की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे।
पीछे से छत पर चढ़े : आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को बड़ी दिक्कत आई। पुराना मकान था। आग बुझाने के दौरान ही बीच से धंस गया। फायर ब्रिगेड की टीम मकान में फंसी हुई थी। तीन घंटे की मेहनत और 30 हजार लीटर पानी खर्च कर आग पर काबू कर लिया। मरोठिया बाजार घना इलाका है। समय पर आग काबू नहीं की जाती तो आसपास भी फैल जाती।
होटल में भी : रात में सरवटे बस स्टैंड पर यशवंत भरतसिंह की होटल में भी आग लग गई। आग में होटल का सारा सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।