मौत और तबादलों के बाद भी शराब ‘जहरीली’ नहीं!

· Indore

मौत और तबादलों के बाद भी शराब ‘जहरीली’ नहीं!

देवास शराब-कांड में अफसरों पर गाज गिरी है। दैनिक भास्कर के मुताबिक, देवास-सागर के कलेक्टर-एसपी को हटा दिया है, लेकिन सवाल है कि कार्रवाई हुई है या इनाम मिला है? सागर में सैंतीस मौतों के बाद कलेक्टर को साठ दिन बाद हटाकर पर्यटन एमडी के पद से नवाज दिया है। तबादलों और मौतों के बाद भी सरकार ने शराब को वैध माना है, जहरीली नहीं। फिर बात वही है कि मौत कैसे हुईं? पत्रिका ने इसे बड़ी जगह दी है और लिखा है कि जहरीली शराब पर रोक नहीं लगा सके। डेढ़ महीने में हुई मौतों की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? जहरीली शराब से पैंतीस मौतें, सागर-देवास के कलेक्टर-एसपी हटाए। हालांकि, दैनिक भास्कर ने जो सवाल उठाए हैं, वो यहां नहीं हैं, लेकिन खबर तीखी ही है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि जनता के बीच जाएं मंत्री और जवाब दें। तो फिर शराब मामले में भी मंत्रियों को सामने आ जाना चाहिए। जवाब तो देना चाहिए कि जिम्मेदार कौन है?

नईदुनिया इसे ताबड़तोड़ कार्रवाई बता रहा है। यानी डेढ़-दो महीने बाद कुछ हुआ है तो फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई कैसे हो गई? देवास मामले में भी कोई बड़ा एक्शन तो नहीं हुआ है। अग्रलेख भी है, जहां छोटे-मोटे सवाल उठाए हैं। चीते तो बाहर से लाए थे और कई सारे हंगामों के बाद उन्हें जंगल में छोड़ा था। कई दावे किए थे, लेकिन अब गोली मारकर चीता शावक का शिकार किया है, जिस्म में पांच छर्रे मिले हैं। ऐसा पहले पन्ने पर लिखा है। चार बरस में चीते के शिकार का पहला मामला है। इसके लिए एसटीएफ बना दी है। नरोत्तम मिश्रा को भाजपा के कोर ग्रुप से बाहर कर दिया गया है।

पत्रिका लिख रहा है कि बच्चे-बच्चियों से हैवानियत करने वाला नरपशु प्यारे मियां आखिरी सांस तक जेल में रहेगा। अदालत का फैसला आ गया है। ग्वालियर से खबर है कि पत्नी राम का वीडियो देख रही थी, जबकि पति महाकाल का वीडियो देखने का दबाव बना रहा था। पत्नी ने उसकी बात अनसुनी की, झगड़ा हुआ और पति ने तलवार मार दी। इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने आई थी लड़की। कॉफी में बेहोशी की दवा मिलाई गई। उज्जैन में चलती कार में लड़की से गैंगरेप हुआ है। मुलजिम उसे इंदौर में छोड़कर भाग गए। दैनिक भास्कर ने ऊपर वाले पन्ने पर पूरी जानकारी दी है।

इंदौर का पानी उतर गया है और उसे सूखा इलाका भी बता दिया है! पत्रिका ने बड़ी खबर लिखी है कि जिला जल अभावग्रस्त घोषित हुआ है। इधर, पानी बहाते पकड़े जाने पर दो हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। बावजूद लोग पानी बहाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पानी की किल्लत को देखते हुए इंदौर में प्राइवेट बोरिंग पर रोक लगा दी है। अगर किसी ने बोरिंग किया तो मशीन जब्त होगी और दो बरस तक जेल की सजा हो सकती है। ऐसा दैनिक भास्कर बता रहा है। साढ़े छह किलोमीटर लंबे नौलखा एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव बिलियन कन्वेंशन सेंटर में होगी, जिस पर ऊपर बड़ी खबर है। बताया है कि 2047 में इंदौर कैसा बनेगा। अभी तक तो पांच बरस के सपने दिखाए जाते थे, अब मामला बीस बरस का हो गया है, जिसे यहां भरपूर जगह दी है।

पत्रिका ने हाइकोर्ट के हवाले से लिखा है कि शहर के चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए और रांग साइड गाड़ी चलाने वालों की गाड़ियां जब्त की जाएं। इसके अलावा क्या है, सब खबर में है, लेकिन लिखने का अंदाज ठेठ सरकारी है कि पूरी खबर पढ़ने के बाद समझ नहीं आता कि आखिर मामला क्या है! नशे में कर रहा था छेड़छाड़, महिला ने मुंह पर तकिया रखकर कत्ल ही कर दिया। गांधीनगर का मामला है, जिसे दैनिक भास्कर ने छापा है। नईदुनिया बता रहा है कि महिला मित्र ने तकिए से मुंह दबाकर कत्ल कर दिया और रात भर चूहे ने लाश को कुतरा। इंदौर के अन्नपूर्णा इलाके की कॉलोनी में प्रॉपर्टी कारोबारी को करोड़ रुपए के लिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। महिला को गिरफ्तार किया है। शिकायत के मुताबिक, कारोबारी से अस्सी लाख रुपए वसूल चुकी थी। महिला ने तीन के खिलाफ बलात्कार के मुकदमे दर्ज कराए हैं। हेडिंग है- कारोबारी से एक करोड़ की मांग, सरोगेट मदर गिरफ्तार।

कल करवा चौथ है और रील का क्रेज बढ़ गया है। फिर ब्यूटी पार्लर सहित साज-सज्जा के लिए भी खूब पैसे खर्च किए जा रहे हैं। पीपुल्स समाचार ने इंदौर से खबर दी है और लिखा है कि सोलह शृंगार और रील में दस हजार रुपए तक खर्च किए जा रहे हैं। दैनिक भास्कर के लिए विकास मिश्रा ने बताया है कि रंगवासा में दशहरे पर नहीं, शरद पूर्णिमा के बाद रावण के सिर जलते हैं। इससे पहले रात भर जश्न मनाया जाता है। इंदौर में ऐसा कोई फीता और नारियल नहीं है, जिसे काटने और फोड़ने के लिए मुख्यमंत्री न आएं। पत्रिका में खबर है कि ट्रायल बेस पर आज से बस स्टैंड शुरू होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव बाद में इसका उद्घाटन करेंगे। मतलब, उद्घाटन तो होगा ही! दिवाली पर हवाई सफर महंगा होता है और हर बार इस पर खबर छपती हैं। इस बार भी एक-दो जगह है। पीपुल्स समाचार बता रहा है कि हवाई टिकट महंगे हो गए हैं। दिल्ली-मुंबई के सफर के लिए पंद्रह हजार रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं।

सोनिया गांधी कह रही हैं कि मेरी किताब आएगी तो तमाशा होना तय है। मेरी कहानी दूसरों ने खूब सुनाई है, अब मेरी बारी है। वैसे, सोनिया की तस्वीर के साथ जानकारी राज एक्सप्रेस के पहले पन्ने पर है। महिला पत्रकार से धक्का-मुक्की के मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी कर दिया है। खबर पीपुल्स समाचार में है। अर्जी भाजपा नेता गौरव भाटिया ने लगाई है और कहा है कि मुकदमा दर्ज होना चाहिए, लेकिन सोशल मीडिया पर जो वीडियो दौड़े हैं और महिला पत्रकार को लेकर जो जानकारी इधर-उधर हो रही है, अलग ही कहानी है।

आमिर खान के भांजे इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिला था, लेकिन अदालत से राहत मिल गई है। जानकारी पत्रिका की है। अभिषेक शर्मा को सभी ने खूब जगह दी है, क्योंकि उन्होंने जबर्दस्त पारी खेली है। न्यूजीलैंड को टीम इंडिया ने सीरीज तो हरा ही दी है और जिस तरह का खेल चल रहा है, उसके बाद तो मेहमान टीम के लिए एक मैच जीतना भी चुनौती हो गया है। पीपुल्स समाचार के पहले पन्ने पर अभिषेक हैं और लिखा है कि उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पैतीस गेंदों में शतक बनाया है। चार-पांच गेंदें ज्यादा हो गईं, वरना इससे पहले ही काम बन जाता।