सोने की आस... कांसा भी नहीं मिला

· Indore

सोने की आस... कांसा भी नहीं मिला

चांदी के बाद भारत सोने की उम्मीद लिए जागा, पर निराशा हाथ लगी है। एलावेनिल वलारिवान और पार्थ माने की जोड़ी ने फाइनल राउंड में धमाकेदार एंट्री की, लगा सोना दिला देंगे, पर इतने नर्वस हो गए कि पदक भी हाथ से छिटक गया। क्वालिफाइंग में दूसरे नंबर पर रहने वालीं एलानेविल और माने फाइनल में चौथे नंबर पर रहे। पहले राउंड से ही दोनों दबाव में दिख रहे थे। तीन राउंड तक चौथे नंबर से आगे नहीं बढ़े तो पदक की रेस से बाहर जाना पड़ा। दोनों ने 376.3 का स्कोर किया।

एक और झटका लगा है। पीवी सिंधु हार गई हैं। जापान से मुकाबला है। अकाने यामागुची के खिलाफ सिंधु खेल रही थीं। पहला सेट जीत गईं, पर दूसरे और तीसरे में यामागुची ने टिकने नहीं दिया। उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा को भी हार मिली है। त्रिशा और गायत्री की जोड़ी जीती है, लेिकन भारत जापान से 1-3 से हार गया। टेबल टेनिस में श्रीजा अकुला हार गई हैं। शुरुआती दो गेम जीते थे, लेकिन बाद में वापसी नहीं कर पाईं। कराटे में कांसा हाथ से छिटक गया है। 84 किग्रा में चेतन भट्ट से उम्मीद थी। चीनी ताइपे के चुंग मेंग-यू ने कड़े मुकाबले में हरा दिया। दोनों के एक-एक प्वाइंट थे, लेकिन पहला चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने लिया था, इसलिए जीत का सेहर मेंग-यू के सिर बांध दिया।

पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट में कांसा जीत लिया है। बांग्लादेश को 31 रन से हरा दिया है। पाकिस्तान ने 146 रन बनाए थे, बांग्लादेश 114 ही बना सकी। कबड्डी से अच्छी खबर है। साऊथ कोरिया को 63-31 से हरा दिया है। विरोधी को तीन बार ऑलआउट किया। अगला मुकाबला बांग्लादेश से है। सॉफ्ट टेनिस में पाकिस्तान पर जीत मिली है। जय मीणा ने अराइन हुसैन को 5-0 से हराया।