मध्यप्रदेश में सबसे पहले सिंगरौली में दिखेगा चांद

· Indore

इंदौर में 8:34 पर उदित होगा चाँद
इंदौर में 8:34 पर उदित होगा चाँद

इंदौर। शुक्रवार को करवा चौथ पर प्रदेश के प्रमुख शहरों में सबसे पहले सिंगरौली में रात्रि 8.01 बजे चांद दिखेगा। इंदौर में चांद 8.34 बजे दिखने का अनुमान है।

खगोलीय गणनाओं के मुताबिक मप्र में सबसे देर से चांद आलिराजपुर में दिखेगा 8.41 बजे।। भोपाल में रात 8.26 बजे का अनुमान है। मौसम विज्ञानी सारिका घारू के मुताबिक, मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों के बीच चंद्रोदय के समय में करीब 40 मिनट का अंतर रहेगा। उज्जैन में 8.33 बजे, जबलपुर में 8.16 बजे, ग्वालियर में 8.15 बजे, नर्मदापुरम में 8.26 बजे, छिंदवाड़ा में 8.23 बजे, रीवा में 8.06 बजे, सतना में 8.08 बजे और सागर में 8.19 बजे चंद्रोदय का अनुमान है। सुश्री घारू का कहना है कि ये समय चंद्रमा के क्षितिज से उदित होने के अनुमान पर आधारित हैं। हालांकि चंद्रदर्शन मौसम पर काफी हद तक निर्भर है। चंद्रमा का उदय जिलों की भौगोलिक स्थिति के कारण बदलता है। प्रदेश के पूर्वी छोर स्थित जिलों में चांद पहले दिखता है जबकि पश्चिमी जिलों में वक्त लगता है। अनुमान है कि इंदौर में शाम से ही बादल छाए रहेंगे, इसलिए संभव है कि चांद के दर्शन तय वक्त से 15 मिनट तक की देरी से हों।