जुलूस में नाच रहे थे... धक्का लगने पर नाबालिग को मार डाला...!

इंदौर. नगर प्रतिनिधि। मूसाखेड़ी मेनरोड पर गणेशोत्सव के जुलूस में नाचने के दौरान धक्का लग गया। मामला इतना बढ़ गया कि हत्या कर दी, साथी भी घायल है।
आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया ने बताया कि कृष्णा पिता शेरू पंवार (16) निवासी असरावद खुर्द की हत्या हुई है। उसका साथी साहिल पिता रमेश (17) निवासी असरावद घायल है। मुलजिमों में नाबालिग हैं, जो बाणगंगा के रहने वाले हैं। कल रात मूसाखेड़ी भील कालोनी में गणेश उत्सव चल समारोह निकल रहा था। डीजे पर मुलजिम और कृष्णा के दोस्त नाच रहे थे। इसी दौरान धक्का लगने की बात पर कहासुनी हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि 16 साल के नाबालिग ने कृष्णा के सीने में चाकू मार दिया। बीच-बचाव करने आए उसके साथी साहिल पर भी वार कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में बड़े अस्पताल ले गए, जहां कृष्णा की मौत हो गई।
बताते हैं कि कृष्णा और उसके पांच-छह साथी जुलूस में शामिल होने के लिए असरावद खुर्द से यहां आए थे। मुलजिम भी अपने साथियों के साथ यहां आया था। अभी तो एक ही मुलजिम नामजद हुआ है, लेकिन उसके और भी साथी शामिल हैं। साहिल और कृष्णा के परिवार के लोग मजदूरी करते हैं।
फिर खड़े हुए सवाल : धार्मिक उत्सव में पुलिस की लापरवाही भी सामने आ रही है। कल भी जुलूस में चाकूबाजी हो जाने से इस बात का खुलासा हो गया कि हथियारबाजों के खिलाफ सख्ती नहीं की जा रही है। जुलूस में चाकू लेकर जा रहे हैं और कोई देखने वाला नहीं है, जबकि दो दिन पहले ही सरप्राइज चेकिंग में कई लोगों को पकड़ने का दावा किया गया था।