बल्ला सिर के ऊपर, गेंदबाज मैदान के बाहर...!

· Indore

बल्ला सिर के ऊपर, गेंदबाज मैदान के बाहर...!

इस साल टीम इंडिया ने सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं और मारे किसने हैं, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन ने। इनमें संजू की कलाईयां ही मजबूत दिखती हैं और वजन में भी भारी हैं। वैभव पंद्रह के हैं तो अभिषेक के चेहरे से टपक रही मासूमियत देख लगता नहीं इतने क्रूर होंगे, लेकिन इन्होंने छक्के मारना बच्चों का खेल बना दिया है। अपने मेडिटेशन के लिए गेंदबाजों की मेंटल हेल्थ खराब कर रहे हैं।

क्रिस गेल, पोलार्ड, एबी डीविलियर्स, डेविड मिलर और ब्रेंडन मैक्कुलम की मार देख चुके हैं, पर इतने प्रेम से कोई बखिया नहीं उधेड़ता, जितनी कि अभिषेक एंड कंपनी। ना तो क्रीज में घुसकर खड़े होते हैं, ना शरीर कडक़ कर टकटकी लगाते हैं और ना ही आड़े-तिरछे और पीछे मारने वाले शॉट का सहारा लेते हैं। जिस स्टांस में गेंद नीचे मारने के लिए खड़े होना चाहिए, उसी में सीधे बच्चे की तरह खड़े हो जाते हैं, लेकिन जैसे ही बैकलिफ्ट सिर के ऊपर जाती है तो ऐसा स्विंग बनाती है कि गेंद में हवा में उड़ती हुई दूर जाकर गिरती है।

इन लडक़ों में सीखने की ललक भी गजब है। पिछली सीरिज में अभिषेक को रोस्टन चेस ने फंसाया तो समझ गए कि स्पिन के खिलाफ बल्ला नहीं ले जाना है, उसी के साथ मारना है और यह कोई नया विज्ञान नहीं है। अभिषेक ने तुरंत बल्लेबाजी में लाए और ब्रेसवेल को सामने और कवर्स के ऊपर मार भूत बना दिया। तीनों मैच में भारत ने रनों का पीछा किया और तीनों ही बार तरीका अलग था। पहले पीछे के बल्लेबाजों ने जोर मारा। फिर बीच वालों ने काम खत्म किया और कल तो न्यू जीलैंड के स्कोर का मजाक ही बना दिया। सीधे बल्ले से जिस तरह संजू, अभिषेक , वैभव, श्रेयस गेंदबाजों को धुन रहे हैं, डर है कि नए बच्चे गेंद को नीचे मारना ना भूल जाएं। यह तय है कि अब किसी की बैकलिफ्ट सिर के नीचे नहीं होने वाली।