दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पथराव, कारें फोड़ीं

· Indore

बीजेपी नेता समेत 4 गाड़ियों के कांच टूटे
बीजेपी नेता समेत 4 गाड़ियों के कांच टूटे

रतलाम। रतलाम में आठ लेन के दिल्ली-मुंबईएक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी रुक नहीं रही हैं। कल रात झाबुआ के थांदला और रतलाम जिले के रावटी के बीच चार कारों पर जमकर पत्थर फेंके गए। घटना रात करीब 11 बजे थांदला से करीब 10 किमी आगे रतलाम सीमा से पहले की बताई जा रही है।

लोगों ने मौके पर कारें नहीं रोकीं। सभी सीधे रतलाम के धामनोद वाले टोल नाके पर पहुंचे। एक के बाद एक चार कारों के टूटे-फूटे हाल में पहुंचने से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एएसपी विवेक कुमार समेत पुलिस अधिकारी और बल मौके पर पहुंचे। पत्थरबाजी में किसी कार के साइड ग्लास तो किसी के सामने के कांच पर पत्थर लगा। एक वाहन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चलते समय अचानक सामने के कांच पर पत्थर आकर लगता दिखाई दे रहा है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनू यादव की कार भी पत्थरबाजी की चपेट में आई। घटना के समय यादव कार में नहीं थे। उनके दोस्त गुजरात के दाहोद से लौट रहे थे। यादव ने बताया कि पत्थर लगने से कार का साइड ग्लास टूट गया। दोस्त के फोन करने के बाद वे धामनोद टोल नाके पर पहुंचे। यादव के मुताबिक उनकी कार के अलावा तीन अन्य कारों पर भी पथराव हुआ। इनमें सवार 2 से 3 लोगों को पत्थर लगने से चोट आई है। किसी भी वाहन चालक ने घटना वाली जगह पर गाड़ी नहीं रोकी और सभी टोल नाके तक पहुंचे। 10 दिन में पत्थरबाजी की यह दूसरी घटना है।