जबान किसकी चलेगी आगे!

मुकेश नायक को बदलने की बात होती रही है, लेकिन फैसला नहीं होता है। अब राहुल गांधी की ‘गूंज’ के बाद फिर गूंज है कि क्या कुछ होने वाला है। जीतू पटवारी पर नजर है कि जो चल रहा है, वही चलने देंगे? क्या अभय दुबे आएंगे?
नाम प्रवीण पाठक का भी है, जिनकी दिल्ली में जमावट है, जिसकी वजह से प्रदेश के नेता उन्हें नजरअंदाज नहीं कर पाते हैं। पटवारी से इसलिए भाव मिलते रहते हैं कि ग्वालियर और आसपास के नेताओं को ठीक करना आसान रहता है। मुकेश नायक जब से आए हैं, जीतू से अलग गए नहीं हैं और उनकी बात को ताकत से आगे करते रहे हैं। बावजूद इसके उठापटक है और मामला जबान महकमे का है, इसलिए शोर ज्यादा है। अभय दुबे को लगता है कि पवन खेड़ा की जगह ले सकते हैं। हालांकि दूर की कौड़ी है, पर सियासत में कुछ भी सोचा जा सकता है। दिल्ली में पकड़ तो बना ली है और भोपाल में लगातार दिख रहे हैं। अब क्या नतीजा निकलेगा, आगे पता चलेगा, पर जबान कौन चलाएगा, इसको लेकर कई जबानें चल रही हैं!