विधायक नहीं आए तो अपाहिजों से साइकल ले ली!

· Indore

विधायक नहीं आए तो अपाहिजों से साइकल ले ली!

पहले पन्ने पर पत्रिका लिख रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय ने भाजपा पार्षद पर बॉडी शेविंग वाली ‘टिप्पणी’ की, अब उसे बताया बेटी जैसा। चारों तरफ घिरे तो माफी मांग ली है और वीडियो जारी कर कह रहे हैं कि मेरी विधानसभा के वार्ड की महिला पार्षद बेहद सक्रिय हैं। रविवार को मैंने भाषण में जो भी शब्द कहे, उसे कांग्रेस के लोगों ने गलत तरीके से उठाया। मेरी बेटी जैसी हैं। मैंने उन्हें बचपन में गोद में खिलाया है, इसलिए ना उनके मन में कुछ है और ना मेरे मन में, लेकिन कांग्रेस ने जिस तरीके से इसे उठाया, उससे दु:खी हूं और मेरी बेटी भी दु:खी है। मैं खेद प्रकट करता हूं।

नईदुनिया ने पेज दो पर लिखा है कि महिला पार्षद पर ‘टिप्पणी’ के बाद घिरे कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी माफी। मंत्री के साथ पार्षद ने भी बयान जारी किया है। दैनिक भास्कर ने कैलाश विजयवर्गीय ने जो बोला था, उससे तो कन्नी काट ली थी, लेकिन आज लिखा है कि भाजपा पार्षद पर ‘टिप्पणी’ के बाद मंत्री विजयवर्गीय ने जताया खेद कि वो मेरी बेटी जैसी हैं, लेकिन जो कहा था, नहीं छपा और बात दबाने में पूरी ताकत लगा दी है, जबकि नेशनल खबर बन गया था मंत्री का बयान।

मेट्रो स्टेशन के लिए एक सौ साठ पेड़ कटेंगे। हाइकोर्ट ने पूछा कि रीगल टॉकीज परिसर खाली है, रानी सराय की जगह वहां स्टेशन क्यों नहीं बनाते... तो तोतों का घर उजाड़ने वाले अफसरों की दलील थी कि नए पौधे बड़े होंगे तो वहां तोते चले जाएंगे। अच्छा, जब तक पेड़ बड़े होंगे, तब तक तोते कहां जाएंगे? राहुल दुबे की खबर बता रही है कि अफसर कितने गैर-जिम्मेदार हैं। वैसे आज से पेड़ कटेंगे और नया आशियाना कब बनेगा, पता नहीं है। नौलखा परिसर में लिफ्ट गिर गई है। छह मेहमानों सहित सात लोग घायल हैं और पत्रिका ने पहले पन्ने की पहली खबर बनाया है। पंजाब से रिश्तेदारी में आए छह और इंदौर का लड़का फंस गया था।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होलकर स्टेडियम में जो मैच होने वाला है, उसके लिए स्टूडेंट्स और शरीर से कमजोर के लिए एक मिनट में 1255 टिकट रजिस्टर हुए हैं। झांकी देखने वालों की भीड़ में बदमाश छिप नहीं पाएंगे, उनकी पहचान होगी। ऐसी जानकारी अगले पन्ने पर है कि कई जगह कैमरे लगाए हैं। सर्वर में बदमाशों की कुंडली रहेगी। ठीक ऊपर ओम बिरला का कहना है कि विश्व शांति के लिए अहिंसा जरूरी है। इंदौर की धरती आध्यात्मिक है। पांच दिन के बच्चे की गलत ब्लड ग्रुप रिपोर्ट के मामले में कलेक्टर से शिकायत हुई है और जांच का फरमान है। प्रहलाद पांडे का अनशन अब हलचल करता दिख रहा है। एसडीएम पहुंचे और बात की है। सेहत की जांच हुई है। इंदौर में फिर नाइजीरियन महिला से 1.19 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की है। बड़ी खबर इसलिए नहीं कही जा सकती कि आखिर ड्रग्स आ कहां से रहा है और उसे रोका क्यों नहीं जाता?

पीपुल्स समाचार के दो रिपोर्टरों ने दो दिन, दो दफ्तरों की हड़ताल की खबर पहले पन्ने पर छापी है। नतीजा निकला है कि अहल्या विश्वविद्यालय में घंटे भर देरी से काम शुरू होता है। जंगल महकमे का काम भी कुछ ऐसा ही है। एक जगह पहुंचकर खबर फैल जाती है और भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर के सरकारी दफ्तरों की पड़ताल भी हो जाती है। दिलचस्प मामला है और अच्छे से लगाया गया है।

दैनिक भास्कर के लिए नीता सिसौदिया बता रही हैं कि इंदौर में ट्रैफिक जाम के पीछे बड़ी वजह के साथ-साथ छोटी-छोटी सड़क की परेशानियां भी जिम्मेदार हैं। नगर निगम के बाइस जून को हुए सर्वे में ऐसी पांच कम चार सौ जगह चिन्हित हैं, जहां फ्लैप, डीपी, ऊंचे-नीचे चैंबर, खराब सड़क, कब से और बैटरी की पार्किंग से गाड़ियों की रफ्तार कमजोर हो रही है। इनमें तीन कम दो सौ जगह छोटे सुधार किए जाने हैं। ठगी के बारे में लगातार खबर छप रही हैं, बावजूद इसके ठगी हो रही है। सेना का अफसर बनकर व्यापारी को ठगा, डिटेल भेजते ही खाते से 8.55 लाख रुपए गायब हो गए। महू नाका का गणेश पंडाल इसलिए सुर्खियों में है कि लोग यहां अपने मन की बात लिखकर जा रहे हैं। खास दीवार बनाई है, जिस पर स्कैच पेन से मन की मुरादें लिखी जा रही हैं और पीपुल्स समाचार ने अंदर वाले पन्ने पर इसकी जानकारी दी है। वैसे लोगों की मुरादों में कोई फर्क नहीं आया है कि किसी को नौकरी चाहिए तो किसी को घर।

‘नो कार-डे’ को राज एक्सप्रेस और पीपुल्स समाचार ने कई सारी तस्वीरों के साथ छापा है। ‘नो कार डे’ पर नईदुनिया इतना खुश हो गया है कि उसने आबोहवा को ही हरा दिया और लिख दिया कि ‘शहर की सांसों को करार आया।’ दैनिक भास्कर ने तो बता दिया है कि 20,753 कारें कम निकली हैं और तेल की खपत 10 फीसद बढ़ी है। आंकड़ा इंदौर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड के वहां लगे काउंटर के हिसाब से लगाया है। पत्रिका ने बताया कि आज यूपीआइ डे पर विरोध की मशाल जलाई जाएगी। एक जगह इकट्ठा होकर काले कपड़े से क्यूआर कोड बॉक्स को ढंका जाएगा। उषा ठाकुर का कहना है कि जो मूर्ति पूजा नहीं करते, गरबे में नहीं रहेंगे। हर बार बयान जरूर आता है। नईदुनिया में ठाकुर कह रही हैं कि हर साल साढ़े चार लाख लड़कियां अधर्मियों के साथ चली जाती हैं। अब आंकड़ा कहां से लाए, खबर में नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि धार्मिक वजह से वंदेमातरम् नहीं गाने वाले पर आपराधिक कार्रवाई नहीं की जा सकती। पीपुल्स समाचार ने पहले पन्ने पर अदालत की बात को छापा है। सरकार से जवाब भी अदालत ने मांगा है। राज एक्सप्रेस ने इसे बड़ी खबर बनाया है, जिसका हेडिंग है- ‘वंदेमातरम् न गाना अपराध नहीं।’ अदालत का कहना है कि जो अंतरात्मा की आवाज के आधार पर एक या सभी अंतरे नहीं गाता है, तो उसके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई नहीं होना चाहिए। दैनिक भास्कर ने जानकारी तो ऊपर ही दी है, लेकिन ज्यादा फैलाया नहीं है। नईदुनिया ने उतनी खबर तो दे ही दी है, जितनी जरूरी थी।

डीजे की तेज आवाज से दूसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। उत्तरप्रदेश के बलरामपुर की खबर है और दैनिक भास्कर ने ऊपर ही लगाया है कि शोर कितना खतरनाक है। स्कूल के पास से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था और उसमें ही डीजे पर तेज संगीत बज रहा था। परिवार का इलजाम है कि तेज आवाज की वजह से तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस सफाई दे रही है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ मौत की वजह पता करेंगे। सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है कि टूथपेस्ट, साबुन और शैंपू पर हरा निशान जरूरी है, जिसे देखते ही पता चलेगा कि शाकाहारी है या नहीं। बिहार में लड़की के साथ हैवानियत करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और देश-विदेश वाले पन्ने पर सबके चेहरे देखे जा सकते हैं।

क्रिकेट में भी अब सोना मिलने लगा है। एशियाई खेलों में टीम इंडिया की महिला टीम ने गोल्ड मैडल जीत लिया है और राज एक्सप्रेस ने पहले पन्ने पर खबर लगाई है। नईदुनिया में अमित शाह कह रहे हैं कि 31 दिसंबर 2029 तक ड्रग तस्करी जड़ से खत्म कर देंगे। पाकिस्तान की खबर में इमरान का मंत्री अगवा कर लिया गया। एके-47 से फायरिंग कर नकाबपोश फरार हुए हैं और दैनिक भास्कर ने पहले पन्ने पर खबर दी है। पास में ही सुप्रीम कोर्ट कह रहा है कि एसआइआर में नोटिस क्यों? गड़बड़ साफ बताई जानी चाहिए। कोलकाता हाइकोर्ट ने बंगाल सरकार से कहा है कि जमानत मिलने पर कांग्रेस के नंदीग्राम उपचुनाव के उम्मीदवार मिलन प्रधान को चुनाव लड़ने दिया जाए।

फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद मध्यप्रदेश के सौ से ज्यादा अस्पतालों में जांच से खुलासा हुआ है कि आयुष्मान में इलाज का पैकेज क्लेम कितना है, आप नहीं देख सकते हैं। भोपाल से दिलीप विश्वकर्मा ने दैनिक भास्कर के लिए पढ़ने लायक रिपोर्ट दी है। बड़वानी से खबर है कि पानसेमल जनपद पंचायत कैंपस में 200 दिव्यांग दूर-दराज के गांवों से उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन भाजपा विधायक श्याम बर्डे नहीं पहुंचे तो कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। आलम ये रहा कि तीन पहिया साइकल बांटी जा चुकी थी, दिव्यांगों को उतारा गया और खाली हाथ घर लौटा दिया। दतिया से कांग्रेस विधायक घनश्यामसिंह को हाइकोर्ट में चुनौती मिली है कि उन्होंने शपथ पत्र में आपराधिक मामला छुपाया है। जानकारी पत्रिका की है।