राजा राम, तुम्हे मुख्यमंत्री बना दे - इमरती

· Indore

राजा राम, तुम्हे मुख्यमंत्री बना दे - इमरती

नईदुनिया बता रहा है कि भागीरथपुरा की पटेल किराना वाली गली के मुहाने पर पार्वतीबाई का मकान है। आठ महीने से बिस्तर पर हैं। सांस चल रही है, लेकिन आसपास की सुध नहीं है। नली से लिक्विड और दवाइयां दी जा रही हैं। गंदे पानी-कांड के बाद परिवार में इतनी दहशत है कि नर्मदा का पानी उबाल कर पी रहे हैं। तमाम दावों के बावजूद परिवार को ना मुआवजा मिला है, ना पार्वतीबाई का मुफ्त इलाज हो रहा है। परिवार वाले जैसे-तैसे इंतजाम कर सांस थामे हैं। दर्दनाक खबर है, जिसमें महापौर का बयान भी है कि काम पूरा हो चुका है। मामला अदालत में है, इसलिए ज्यादा कुछ नहीं बोल पाऊंगा।

दैनिक भास्कर ने भी भागीरथपुरा को ऊपर वाले पन्ने की पहली खबर बनाया है और लिखा है कि गंदे पानी का पता था, फिर भी 92 से 100 दिन फाइल दबाए बैठे रहे अफसर। जांच आयोग की कोर्ट में पेश रिपोर्ट में खुलासा हुआ है। जिम्मेदारी तय करने के सवाल पर अफसर एक-दूसरे पर इलजाम धरते रहे हैं। रिपोर्ट में चार सौ पन्नों में अफसरों के बयान हैं और दो सौ में नतीजा है।

हितेश शर्मा ने अपनी ही खबर को आगे बढ़ाया है कि मंदिर की जमीन पर कहीं शराब की दुकान चल रही है तो कहीं कॉलोनी काट दी है। मामला इंदौर का ही है। इंदौर फ्रंट पेज से पता चल रहा है कि कनाडिया जंक्शन, चाणक्यपुरी और खजराना चौराहे पर लेफ्ट टर्न चौड़े होंगे। उनतीस लाख की कोकीन के साथ विदेशी महिला गिरफ्तार है। मुंबई से इंदौर आई थी। बिजनेस वीजा पर नाइजीरिया से भारत आई है। पत्रिका में तस्वीर है, पर चेहरा धुंधला कर दिया है। नईदुनिया ने ऐसा कुछ नहीं किया है। महिला का फोटो देखा जा सकता है। अब नशा ही बेच रही है तो फिर चेहरा छिपाने का क्या मतलब है। दैनिक भास्कर में भी चेहरा है।

इंदौर आए कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने कहा कि यहां जमीनों पर भाजपा नेता कब्जा कर रहे हैं। मामला रेवती रेंज पर हो रहे काम का है और निशाने पर कैलाश विजयवर्गीय हैं। खबर पत्रिका में है, क्योंकि वही इस मुहिम को चला रहा हैं। नईदुनिया के पेज तीन पर हेडिंग है- ‘स्वास्थ्य केंद्र में महिला अधिकारी से दुष्कर्म, मुस्लिम अधिकारी पर केस।’ अंदर लिखा है कि जब ड्यूटी पर पहुंची ही थी तो सोहेल ने उसे ऊपरी मंजिल पर विजिट के लिए कहा। उसकी बातों पर शक हुआ, लेकिन परिवार के खातिर महिला उसके साथ पहली मंजिल पर चली गई। सोहेल ने रूम बंद कर दिया और उसे नीचे गिरा दिया। उसने चाकू निकाला और हत्या की धमकी देकर उसके साथ जबर्दस्ती की। पेज दस पर भोपाल से खबर है, जहां प्रेमी से बात करने पर मां और मामा ने लड़की को मार डाला है, लेकिन हेडिंग में किसी का नाम नहीं है।

कृष्णा गौर को लेकर कुछ दिनों से बातें चल रही हैं कि मोहन यादव की जगह उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। अब इसमें कितनी सच्चाई है, नहीं पता, लेकिन इमरती देवी ने उसे हवा दे दी है। कृष्णा गौर से गले मिलीं और कहा कि राजा राम तुम्हें मुख्यमंत्री बना दें। बस, फिर क्या था, बात चल पड़ी है। पीपुल्स समाचार ने तस्वीर के साथ सियासी पन्ने पर जानकारी दी है। पास में ही लिखा है कि पढ़ने-लिखने वाले बच्चों को लैपटॉप खरीदने के लिए कल मुख्यमंत्री 304.98 करोड़ रुपए अकाउंट में डालेंगे। प्रदेश भाजपा की बड़ी मीटिंग में क्या हुआ, इसी पन्ने से जाना जा सकता है।

राज एक्सप्रेस के मुताबिक, मुख्यमंत्री चित्रकूट में थे, इसलिए ‘मन की बात’ नहीं सुन पाए। हालांकि नईदुनिया में दिए इंटरव्यू में उन्होंने नरेंद्र मोदी की भरपूर तारीफ कर पहले ही कोटा पूरा कर लिया था। चित्रकूट से नईदुनिया ने मुख्यमंत्री की बड़ी तस्वीर लगाई है और लिखा है कि बाढ़ की बड़ी वजह कब्जा है और मुख्यमंत्री ने रिपोर्ट मांगी है। पत्रिका ने भी ठीक यही खबर पहले पन्ने पर लगाई है।

रीवा में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिवार कार्रवाई की मांग करने पहुंचा तो जीएमएच के सुपरिंटेंडेंट ने बेशर्मी से कहा कि बाइस बरस की उम्र में प्रेग्नेंट क्यों करवाया? वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरा है कि सुपरिंटेंडेंट तो डिप्टी मुख्यमंत्री शुक्ल के रिश्ते में भांजे हैं, इसलिए पंद्रह साल से यहीं डटे हुए हैं। सरकार से जीतू पटवारी पूछ रहे हैं कि तीन हजार कब दिए जाएंगे। नई लाड़ली बहनों के लिए रजिस्ट्रेशन कब शुरू होगा। नईदुनिया के मुताबिक महाकाल महलोक में महिला सुरक्षाकर्मी और श्रद्धालु भिड़ी हैं।

पहले पन्ने पर मोहन भागवत कह रहे हैं कि विविधता में एकता भारत के डीएनए में है। इसका जश्न मनाए। मेडिसन स्क्वायर गार्डन में छह हजार से ज्यादा लोग जुटे थे। फोन कॉल से साठ यात्रियों की आखिरी लोकेशन मिली है, पर संपर्क नहीं हो पाया है। किन-किन के आखिरी कॉल कब आए थे, इसका लेखा-जोखा है और बताया है कि हिमालय पर अब नेपाल कैमरे लगाने जा रहा है।

पत्रिका के पहले पन्ने पर कुछ नहीं है। आखिरी पन्ने पर लिखा है कि दूसरी बाढ़ का खतरा टल गया है। भारी बारिश राहत और बचाव के काम में रुकावट बन रही है। आपदा में नईदुनिया अवसर खोज रहा है और पहले पन्ने पर लिखा है कि नेपाल का सबसे भरोसेमंद मददगार बनकर भारत सामने आया है। देश-विदेश वाले पन्ने पर भी लंबी-चौड़ी खबर है, लेकिन कुछ खास निकल नहीं रहा है। कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बासवराज रायारेड्डी ने इस्लाम को सबसे महान धर्म बता दिया और मक्का जाने की ख्वाहिश भी जाहिर कर दी, जिसके बाद हंगामा तो है ही और यहां भी बड़ी खबर है।