धूमधाम से… कुत्ते-कुतिया का ब्याह!

· Indore

धूमधाम से… कुत्ते-कुतिया का ब्याह!

हद देखिए कि देश-दुनिया में नेपाल त्रासदी पर मातम है, सैकड़ों जान गईं, कई अब तक लापता हैं, वहीं इंदौर में पढ़े-लिखे बे-गैरत लोग सब कुछ दरकिनार कर जश्न मना रहे थे। जश्न भी कैसा, कुत्ते-कुतिया की शादी का!

बीसीएम पैराडाइज (निपानिया-कोकिलाबेन अस्पताल के पास) में कल दोपहर ढोल-ढमाकों और डीजे का शोर था। अभी शादी-ब्याह का वक्त नहीं है, इसलिए यहां रहने वाले हैरान थे कि आखिर इतना हल्ला किस बात का। फिर पता चला ब्लॉक-इ के पांचवें माले पर रहने वाले अपने कुत्ता-कुत्ती का ब्याह करा रहे हैं और मेहमानों को बुलाया है।

ढोलक की थाप पर डांस हो रहा है और डीजे भी कान फोड़ रहा है। हैरान करने वाली बात कि डीजे पर रोक है, फिर भी यहां बजा और खूब बजा, लेकिन इनकी बैंड बजाने के लिए न तो पुलिस आई और न अधिकारी। शाम तक मजमा रहा। खूब खाना-पीना भी हुआ।

कुत्तों की शादी के पीछे आखिर क्या मकसद था, क्यों पैसा लुटाया जा रहा था, पता नहीं, लेकिन यहां रहने वालों का चैन इस हल्ले ने छीन लिया। सभी कान पर उंगुली धरे कोस रहे थे। इससे अधिक करते भी क्या। कुछ थे जो मजा ले रहे थे और कुछ थे, जो सजा झेल रहे थे।