नाबीना...

· Indore

नाबीना...

होर्डिंग के खिलाफ प्रहलाद पांडे धरने पर बैठे हैं और दैनिक भास्कर पहले पन्ने पर लिख रहा है कि पाटनीपुरा चौराहे पर अवैध होर्डिंग गिरा, जिसकी चपेट में बाइक सवार आ गए। लड़का घायल हो गया। धार्मिक आयोजन के लिए लगाया था। आठ दिन से लेफ्ट टर्न ब्लॉक हो रहा था, लेकिन गिरने के बाद ही इनको पता चला कि रास्ता ब्लॉक था। उससे पहले तो कोई खबर या तस्वीर नहीं थी। साथ ही हाइकोर्ट के फरमान का जिक्र है। जब होर्डिंग लगता है तो नेताओं की तस्वीर रहती है, जिसे देख नगर निगम बेबस हो जाता है और जो हर बात पर पहलवानी करते हैं, उनके भी हाथ-पैर फूल जाते हैं। यही वजह है कि जो जहां खड़ा होता है, उसे कोई हटा नहीं पाता है। पांडे से मारपीट करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पत्नी भी अनशन पर बैठ गई हैं। शुरुआत में तो यहां खबर ही नहीं थी, आज पेज तीन की पहली खबर है। वैसे मुकदमा किन पर लगाया गया है, उनके नाम नहीं हैं।

नईदुनिया ने गिरे होर्डिंग के साथ पांडे के आंदोलन को छापा है कि भूख हड़ताल कर रहे समाजसेवी की तबीयत बिगड़ गई है और गणेश उत्सव में लगा होर्डिंग गिर गया है। जो मुकदमा दर्ज किया है, उसे छोटे में निपटा दिया है। पत्रिका ने इसे बड़ी खबर बनाया है और नगर निगम की सुस्ती को सुर्खी दी है। पांडे से मारपीट के आठ दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ है और तबीयत बिगड़ने वाली बात भी खबर में शामिल है। विनोद अग्रवाल को नईदुनिया के ऊपर वाले पन्ने पर इसलिए छाप दिया है कि लगातार पांचवीं बार मध्यप्रदेश के सबसे मालदार बने हैं।

कैश नहीं लाने पर लौटाया है। बाजार में चालीस फीसदी तक गिरावट से परेशानी हुई है। नो-यूपीआइ-डे का जिक्र है। दैनिक भास्कर के पहले पन्ने पर खबर है। इंदौर में कारोबारियों ने यूपीआइ से पेमेंट नहीं लिया। कहां क्या हुआ, क्या फर्क पड़ा, छपा है। जब ऐसा कुछ होता है, रमेश खंडेलवाल जरूर छाप दिए जाते हैं कि सियागंज व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। समझते हैं कि कब, कहां और कैसे छापना है।

पत्रिका ने मास्टर प्लान के नाम नगर निगम के छल में फंसी जनता की परेशानी को पेज तीन पर बड़ी जगह दी है। पंढरीनाथ में जो सड़क धंसी थी, दैनिक भास्कर ने इंदौर फ्रंट पेज पर लिखा है कि ड्रेनेज नहीं, पाइप लाइन में लीकेज से सड़क धंसी है। दो महीने से पानी रिस रहा था। एक मीटर के बजाय डेढ़ फीट पर पाइप डाल दिए थे। ऐसा सिर्फ यहीं नहीं हुआ है, हर जगह इसी तरह से पाइप हैं। नीचे लिखा है कि अनंत चतुर्दशी चल समारोह में चार बजे बाद शहर में कई जगह बड़ी गाड़ियां नहीं जा पाएंगी और कल सुबह 7.30 से रात 9.30 तक मेट्रो चलेगी। ऐसी जानकारी भी इसी पन्ने से मिल रही है। छावनी वाली सड़क के मामले में लोग हाइकोर्ट पहुंचे हैं। अर्जी दाखिल की है कि चौबीस मीटर की बात कर मकान-दुकान तोड़ दिए और अब 18 मीटर चौड़ी सड़क नगर निगम बना रहा है। पत्रिका ने झांकी को लेकर काफी लिखा है। क्या तैयारी है, इसका लेखा-जोखा भी है। महापौर कैबिनेट वालों ने अफसर के साथ मौका-मुआयना कर लिया है या नहीं? अब तो कोई गड़बड़ की गुंजाइश ही नहीं रह गई है कि जब ये मौका-मुआयना कर लेते हैं तो बात खत्म हो जाती है।

भागीरथपुरा कांड की रिपोर्ट आम होगी या नहीं, 28 सितंबर को सुनवाई हो सकती है। ऐसा अंदर वाले पन्ने पर है। सरकार फिर सन्नाटे में है, क्योंकि इलेक्शन कमिश्नरों के एतराज के खुलासे के बाद सियासी हंगामा है। पत्रिका पहले पन्ने पर लिख रहा है कि चुनाव आयोग में मतभेद पर विपक्ष हमलावर है और सफाई दी जा रही है कि सभी की मर्जी से फैसले होते हैं। कांग्रेस ने तीखे सवाल उठा दिए हैं कि चुनाव आयुक्त को पद पर रहने का कोई हक नहीं है और भाजपा जवाब दे रही है कि इलजाम बेबुनियाद हैं, विपक्ष जनादेश खो चुका है, लेकिन इस बार हंगामा बड़ा है, जिसे दैनिक भास्कर और नईदुनिया ने पहले पन्ने की पहली खबर बना दिया है। इलेक्शन कमीशन के अंदर से ही सवाल उठे हैं, जिसने माहौल गरम कर दिया है और आने वाले कुछ दिन अब इसी पर बात होने वाली है। दैनिक भास्कर ने रिपोर्ट को ज्ञानेश कुमार, सुखबीर संधू और विवेक जोशी की तस्वीर के साथ लगाया है। इलेक्शन कमिश्नर सुखबीर संधू और विवेक जोशी के बदलावों पर सवाल उठे हैं।

इरान के राष्ट्रपति अमेरिका पहुंचे और जिस अंदाज में उन्होंने बात की और हमला किया, वैसा कम ही देखने को मिला है। अमेरिका में ही उन्होंने कह दिया कि अमेरिका ने मासूमों को मारा है, इरान खुद आतंक का शिकार हुआ है। उन्होंने इजराइल पर भी हमला करने से परहेज नहीं किया और कहा कि उसके पास परमाणु हथियार हैं, लेकिन जांच और पाबंदी इरान पर लगाई जाती है।

भाजपा ने नेताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं, जिसे ऊपर वाले पन्ने की पहली खबर बनाया है। विप्लव देव अब मध्यप्रदेश के जिम्मेदार होंगे, जबकि गजेंद्र पटेल को झारखंड मिला है। इसके अलावा किसको कहां भेजा है, सब यहां से जाना जा सकता है। वैसे बाकी सभी ने भी इनको खूब जगह दी है। सागर में जो शराब कांड हुआ है, उसके मास्टरमाइंड का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है, जो ऊपर वाले पन्ने की खबर है, लेकिन पढ़ने से पता चल जाता है कि खेल क्या चल रहा है। n