स्कूल ने निकाला... गरीब बच्चों को पढ़ा रहे!

कानपुर। फीस न भर पाने के कारण जिसे कभी स्कूल ने निकाल दिया था… अब वो जरूरतमंद बच्चों को पढ़ा रहा है। उद्देश्य सचान की मेहनत का सफर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ तक पहुंच गया है। अमिताभ बच्चन को कहानी बताई कि जब मुझे स्कूल ने निकाला, तो महसूस हुआ कि ये जुल्म न जाने कितने बच्चों को झेलना पड़ता होगा। मैंने उनके लिए काम करना शुरू कर दिया।
ऐसा स्कूल बनाया है, जहां किताब, ड्रेस, बैग और कंप्यूटर की पढ़ाई तक मुफ्त दी जाती है। बताते हैं कि मैंने तो जैसे-तैसे पढ़ाई पूरी कर ली, लेकिन तीसरी क्लास में फीस की वजह से हुई बेइज्जती भूल नहीं पाया। होटलों और फैक्टरी में काम कर पढ़ाई पूरी की। 2019 में पेड़ के नीचे पढ़ाना शुरू किया।
मां से 300 रुपए लेकर पर्चे छपवाए और मुफ्त कक्षा के बारे में पूरे इलाके को पता चल गया। फिर किराये का कमरा लिया। अब तक 70 बच्चों को पढ़ा चुका हूं। 150 से ज्यादा बच्चों को मुफ्त सामान दिया है। 400 से ज्यादा बच्चों की मदद करता हूं। मेरे गुरुकुलम में संगीत, नाटक, योग, खेती के बारे में बताते हैं। एआइ से भी बच्चों को रूबरू करवा रहा हूं। अब कई जगह से मदद मिलने लगी है। यही कोशिश है कि मुझे जो झेलना पड़ा, वो किसी और को न झेलना पड़े।
केबीसी में उद्देश्य सचान के ‘खुशियों वाले स्कूल’ का किस्सा आम होने के बाद देश भर से तारीफ मिल रही है। उद्देश्य ने 12.50 लाख रुपए जीते। 25 लाख रुपए वाले सवाल में संशय था, तो खेल छोड़ दिया। उनकी तारीफ में अमिताभ बच्चन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।